मधेपुर में 31 मई को होगा प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मधेपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की मधेपुर इकाई द्वारा 31 मई को भव्य “प्रतिभा सम्मान समारोह–2026” का आयोजन किया जाएगा। इसमें वर्ष 2026 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
अभाविप के नगर मंत्री सुमित कुमार महतो ने बताया कि परिषद हमेशा छात्र हित और प्रतिभाओं के सम्मान के लिए कार्य करती रही है। मीडिया प्रमुख पिंकेश कुमार ने कहा कि समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और प्रेरणा का संचार करना है। प्रांत कार्यकारिणी सदस्य केतन राज ने इसे शिक्षा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए अधिक से अधिक विद्यार्थियों से भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम में मधुबनी जिले के किसी भी प्रखंड के योग्य विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। रजिस्ट्रेशन शुल्क 11 रुपये निर्धारित किया गया है। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, अंक प्रमाणपत्र और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा।
अभाविप मधेपुर इकाई ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से इस आयोजन में भाग लेकर शिक्षा और प्रतिभा सम्मान के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

