राष्ट्र संवाद, संवाददाता
पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने बोकारो कार्यक्रम से लौटने के दौरान चांडिल में भाजपा जिला मंत्री पप्पू वर्मा के आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ राजनीतिक चर्चा की। इस दौरान पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर विस्तार से बातचीत हुई। झालमुड़ी के साथ आयोजित अनौपचारिक चर्चा में पुरुलिया, झाड़ग्राम, जंगलमहल और बांकुड़ा समेत झारखंड सीमावर्ती क्षेत्रों की एसटी-एससी सीटों पर भाजपा की सफलता पर चर्चा की गई।
मौके पर बलरामपुर भाजपा नेता हीरालाल बर्मन की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने चंपाई सोरेन को भगवा गमछा पहनाकर स्वागत किया।
पत्रकारों से बातचीत में चंपाई सोरेन ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने बदलते डेमोग्राफी और अराजकता के विरोध में भाजपा को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि अब झारखंड की जनता भी बदलाव चाहती है। संथाल से लेकर कपाली तक डेमोग्राफी बदलने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि कपाली क्षेत्र में वर्ष 1995 में एसटी-एससी और महतो-मंडल समाज के कई गांव थे, लेकिन अब वहां स्थिति बदल चुकी है।
उन्होंने राज्य सरकार पर विकास कार्यों में ठहराव का आरोप लगाते हुए कहा कि सात वर्षों में झारखंड का विकास रुक गया है। स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने राजनगर अस्पताल की घटना का जिक्र किया, जहां टॉर्च की रोशनी में इलाज किए जाने की बात सामने आई थी।
चंपाई सोरेन ने दावा किया कि आने वाले समय में राज्य में भाजपा की मजबूत उपस्थिति देखने को मिलेगी।
इस अवसर पर भाजपा नेता राकेश वर्मा, हीरालाल बर्मन समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

