शादी के दबाव में युवक ने की किशोरी की हत्या, 12 घंटे में पुलिस ने किया गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा मिडिल स्कूल परिसर में शनिवार सुबह एक किशोरी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना 9 मई 2026 को सुबह करीब 6:15 बजे पुलिस को मिली, जिसके बाद परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतका की पहचान होने के बाद उसके पिता के लिखित आवेदन पर परसुडीह थाना में कांड संख्या 45/26, दिनांक 09.05.2026 के तहत धारा 103(1)/238 बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसकी मॉनिटरिंग पुलिस अधीक्षक (नगर) द्वारा की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की और विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान सोनू कर्मकार (20 वर्ष), जमशेदपुर के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह मृतका के साथ सोपोडेरा मिडिल स्कूल पहुंचा था। इस दौरान मृतका लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी, जिससे दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर आरोपी ने किशोरी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
घटना के समय आरोपी द्वारा पहना गया सफेद रंग का शर्ट, जिसे उसने छिपा दिया था, पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

