सुरजीत सिंह खुशीपुर दोबारा जीते, बुरी तरह हारे मानावाल
126 मतों के अंतर से हराया, चरणजीत और परविंदर को पुलिस ने निकाला
प्रताप सिंह और गुरुचरण सिंह बिल्ला को लेकर भी मचता रहा बवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टिनप्लेट दस नंबर बस्ती गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सदस्यों ने सुरजीत सिंह खुशीपुर पर भरोसा जताया और रविवार को हुए चुनाव में उन्होंने दोबारा जीत हासिल की। चिर परिचित प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार गुरदयाल सिंह मानावाल को 126 मतों के विशाल अंतर से बुरी तरह हराया। पिछली बार मानावाल की हार 15 मतों के अंतर से हुई थी।
सुबह आठ बजे खालसा स्कूल में सीजीपीसी कार्यकारी प्रधान सुखविंदर सिंह राजू के देखरेख में चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। चुनाव कमेटी के सदस्य ऑडिटर सुखविंदर सिंह, ऑडिटर दलविंदर सिंह, कैशियर गुरनाम सिंह, चरणजीत सिंह एवं परविंदर सिंह सोहल आदि में सेवाएं दी। कुल 1324 मतदाताओं में से 1094 ने मताधिकार का प्रयोग किया। पूर्व चेयरमैन एवं पूर्व प्रधान नानक सिंह ने सबसे पहले मताधिकार का प्रयोग किया । डाले गए मतों में से 604 मत सुरजीत सिंह खुशीपुर एवं 478 मत गुरदयाल सिंह मानावाल को मिले। तकनीकी खामी के कारण 12 मत कैंसिल कर दिए गए।
परिणाम घोषणा होने के उपरांत सभी गुरुद्वारा साहिब दरबार पहुंचे। वहां विशेष तौर पर पहुंचे तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधन कमेटी के महासचिव सरदार इंद्रजीत सिंह एवं सीजीपीसी के चेयरमैन गुरमीत सिंह तोते पहुंचे। यहां उन्होंने संयुक्त रूप से जीत का प्रमाण पत्र सुरजीत सिंह खुशीपुर को दिया।
सुरजीत सिंह के अनुसार उन्होंने पिछले तीन साल में गुरुद्वारा साहिब एवं स्कूल के विकास के लिए काम किया और संगत ने उसे ध्यान में रखते हुए उन पर भरोसा किया है और वह संगत का आभार प्रकट करते हैं। सभी को वह मिला कर चलेंगे।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान चरणजीत सिंह को लेकर बवाल हुआ तो पुलिस ने उसे बाहर निकाला।
वही मानावाल टीम के चुनाव प्रभारी प्रताप सिंह और टीम सुरजीत सिंह के चुनाव प्रभारी गुरचरण सिंह बिल्ला जब जब चुनाव हाल में प्रवेश करते, परस्पर विरोधी टीम सदस्य हल्ला कर दबाव बनाते थे और इन्हें बाहर निकलना पड़ता था।
सिदगोड़ा थाना प्रभारी मो. फैज अहमद के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों और जवान की सराहनीय भूमिका रही।
टीम मानावाल के प्रताप सिंह ने सुरजीत सिंह को जीत की बधाई देते हुए स्वीकार किया की संगत का भरोसा जीतने में टीम असफल रही है। गुरु घर के विकास के लिए होने वाले हर काम में पूरी टीम प्रधान सुरजीत सिंह खुशीपुर को सहयोग करेगी।

