कदमा चेन स्नैचिंग कांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार, पिघलाकर बनाई गईं सोने की अंगूठियां
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छिनतई मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो स्नैचर और एक ज्वेलरी दुकानदार शामिल है, जिसने लूटी गई चेन को खरीदकर पिघला दिया था।
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 2 मई को अनिता चौधरी के गले से स्कूटी सवार अपराधियों ने सोने की चेन छीन ली थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने प्रकाश पटेल और प्रीतम सिंह उर्फ पोदो को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि चेन को कदमा स्थित जेपी ज्वेलर्स के संचालक निखिल सोनी को 25 हजार रुपये में बेच दिया गया था।
पुलिस ने निखिल सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि चेन को पिघलाकर तीन सोने की अंगूठियां बना दी गई थीं। पुलिस ने तीन सोने की अंगूठियां, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और 15 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

