रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कपाली ओपी क्षेत्र से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 82.80 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की, जिसे 679 पुड़िया में पैक कर बिक्री के लिए तैयार रखा गया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 6 मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कपाली ओपी क्षेत्र के बंधुगोड़ा स्थित इम्तियाज खान के मकान में अवैध रूप से ब्राउन शुगर का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने त्वरित छापेमारी कर मौके से महाराज अली, असगर अली और शबनम प्रवीन को गिरफ्तार कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी किराएदार बनकर मकान में रह रहे थे और वहीं से नशे का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी महाराज अली पूर्व में भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है तथा आरआईटी थाना क्षेत्र के एक मामले में वांछित था। पुलिस ने सभी आरोपियों की बायोमेट्रिक जांच और फिंगरप्रिंटिंग की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच में जुट गई है, ताकि इस कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों और संभावित सफेदपोश संरक्षकों तक पहुंचा जा सके। जिला पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

