सुरक्षा गार्डों का आरोप: बकाया भुगतान नहीं, पुनर्बहाली की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: शहर में भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में कार्यरत करीब 140 सुरक्षा गार्डों ने निजी कंपनी पर बकाया भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। गार्डों का कहना है कि वे पिछले करीब साढ़े चार वर्षों से लगातार सेवा दे रहे थे, लेकिन अचानक उन्हें सेवा समाप्ति पत्र देकर हटा दिया गया।
प्रभावित गार्डों के अनुसार, कंपनी पर उनके 15 महीने का भविष्य निधि, एक वर्ष का बोनस, अप्रैल माह का वेतन, राष्ट्रीय अवकाश का भुगतान, न्यूनतम वेतन का अंतर और अतिरिक्त कार्य का भुगतान अब तक बकाया है। साथ ही आरोप है कि 30 दिन ड्यूटी कराने के बावजूद केवल 26 दिन का ही भुगतान किया जा रहा है।
गार्डों ने अपनी सेवा अवधि के आधार पर ग्रेच्युटी की राशि भी दिलाने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से हस्तक्षेप कर सभी बकाया भुगतान दिलाने की अपील की है।
इसके साथ ही गार्डों ने मांग की है कि यदि नई एजेंसी नियुक्त की जाती है, तो सभी 140 गार्डों को पुनः कार्य पर रखा जाए, ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो।

