पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर जमशेदपुर में शहीदों को श्रद्धांजलि, पूर्व सैनिकों ने लिया एकजुट रहने का संकल्प
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की पहली बरसी के अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद द्वारा शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गोलमुरी स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि के साथ हुई, जिसके बाद सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे मानवता और शांति पर हमला बताया और कहा कि आतंकवाद के खिलाफ समाज को एकजुट होकर खड़ा होना होगा।
संगठन के अध्यक्ष विनय कुमार यादव ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी देश कभी नहीं भूलेगा और हमें उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय” और “वीर शहीद अमर रहें” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
अंत में सभी ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहने का संकल्प लिया।

