मुख्यमंत्री पशुधन योजना के तहत जामताड़ा में लाभुकों को पशुधन वितरण
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला पशुपालन कार्यालय परिसर में मुख्यमंत्री पशुधन योजना के तहत पशुधन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के कुल 14 लाभुकों के बीच अनुदानित दरों पर बकरा, भेड़ और सुकर का वितरण किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान लाभुकों को पशुधन के बेहतर पालन-पोषण और रख-रखाव के प्रति जागरूक किया गया। बताया गया कि पशुपालन ग्रामीण क्षेत्रों में आय बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है, जिससे आर्थिक स्थिति मजबूत की जा सकती है। अधिकारियों ने लाभुकों से अपील की कि वे दिए गए पशुधन की उचित देखभाल करें और योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं।
इस मौके पर भेड़ पालन योजना के तहत 3, बकरा विकास योजना के तहत 5 और सुकर विकास योजना के तहत 6 लाभुकों को पशुधन उपलब्ध कराया गया। साथ ही पशुओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण और बीमा संबंधी जानकारी भी दी गई, ताकि किसी नुकसान की स्थिति में लाभुकों को सहायता मिल सके।
कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि पशुपालन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा पात्र व्यक्ति इसका लाभ ले सकें।

