साकची बाल मंदिर अखाड़ा की भव्य शोभायात्रा में झांकियां बनी आकर्षण का केंद्र, हैरतअंगेज खेलों ने मोहा मन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। रामनवमी के अवसर पर लौहनगरी की प्रतिष्ठित धार्मिक एवं सामाजिक संस्था श्री श्री बाल मंदिर अखाड़ा द्वारा साकची बाजार से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। “जय श्री राम” के नारों से पूरा साकची क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए पूजा पंडाल पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा के दौरान हैरतअंगेज खेलों का शानदार प्रदर्शन किया गया, जिसे देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो गए। 65 सदस्यीय डंका दल ने रामधुन पर ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु झूम उठे। सोनीपत से आई राम दरबार, राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, सिंदूरी हनुमान जी और शिव तांडव की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके साथ ही भव्य आतिशबाजी और पूर्वी भारत के अर्ध-शास्त्रीय छऊ नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
समिति के सदस्यों ने बताया कि बाल मंदिर सेवा समिति विगत 50 वर्षों से रामनवमी महोत्सव का सफल आयोजन करती आ रही है, जिसमें शहरवासियों का भरपूर सहयोग मिलता रहा है।
आज निकलेगा विसर्जन जुलूस
28 मार्च को संध्या 4:00 बजे विसर्जन जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस में हैरतअंगेज खेलों और मनमोहक झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही शहरवासियों के विशेष आग्रह पर हनुमान जी की विशेष झांकी को भी शामिल किया गया है, जो जुलूस का मुख्य आकर्षण होगी। समिति के सन्नी संघी ने शहरवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

