वासेपुर डॉन प्रिंस खान गैंग से पुलिस की मुठभेड़, रंगदारी वसूलने आए शूटर के पैर में लगी गोली, एक फरार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद :धनबाद में शनिवार शाम वासेपुर के मोस्ट वांटेड डॉन प्रिंस खान के गैंग से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दून पब्लिक स्कूल के पास रंगदारी वसूलने पहुंचे गैंग के शूटरों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक शूटर को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
जानकारी के अनुसार शाम करीब 5:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि प्रिंस खान गैंग के शूटर दून पब्लिक स्कूल के पास किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।

पुलिस को देखते ही शुरू कर दी फायरिंग
करीब 6 बजे जब गैंग के गुर्गे रंगदारी वसूलने के लिए आगे बढ़े, तभी पुलिस को देखकर उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक शूटर के पैर में गोली लग गई। घायल शूटर को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं दूसरा आरोपी जंगल की ओर भाग निकला, जिसकी तलाश में पुलिस ने सघन अभियान शुरू कर दिया है।
पाकिस्तान से ऑपरेट कर रहा प्रिंस खान
पुलिस के अनुसार वासेपुर का कुख्यात डॉन प्रिंस खान पहले दुबई और अब पाकिस्तान से अपना नेटवर्क संचालित कर रहा है। उस पर 20 से अधिक हत्या, रंगदारी और जबरन वसूली के मामले दर्ज हैं। धनबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रिंस’ के तहत अब तक उसके कई गुर्गों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इलाके में दहशत, भारी पुलिस बल तैनात
मुठभेड़ के बाद दून पब्लिक स्कूल के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग घरों में ही रहने को मजबूर हो गए और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और गैंगस्टरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही इस नेटवर्क के मुख्य सरगना तक भी पुलिस पहुंचेगी।

