न्यू ग्रीन सिटी में होली मिलन समारोह, मेयर सुधा गुप्ता का हुआ भव्य सम्मान
चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने वाले हरेंद्र सिंह ने शानदार आयोजन से सबको चौंकाया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बालीगुमा स्थित न्यू ग्रीन सिटी में होली मिलन समारोह के अवसर पर शहर की मेयर सुधा गुप्ता के सम्मान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेयर पद संभालने के बाद शहर के विभिन्न इलाकों में उनके सम्मान में लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में न्यू ग्रीन सिटी आवासीय समिति द्वारा विशेष होली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कॉलोनी के सैकड़ों महिला-पुरुष, युवा एवं वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समिति की ओर से मेयर का फूल-मालाओं एवं अंगवस्त्र देकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पारंपरिक होली गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रंगारंग कार्यक्रमों के बीच लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पूरा वातावरण रंग, उमंग और सौहार्द से सराबोर रहा।
न्यू ग्रीन सिटी से हरेंद्र सिंह ने जिस उत्साह के साथ चुनाव में जमीनी स्तर पर कार्य किया, उसी ऊर्जा के साथ उन्होंने इस सम्मान समारोह का आयोजन कर सबको चौंकाने का कार्य किया।
इस अवसर पर मेयर सुधा गुप्ता ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि शहर के समग्र और संतुलित विकास के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बालीगुमा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं—सड़क मरम्मत, जलापूर्ति व्यवस्था, साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं—को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए लगातार कार्य कर रहा है तथा नागरिकों का सहयोग विकास कार्यों में अहम भूमिका निभाता है।
समारोह के अंत में आवासीय समिति की ओर से मेयर को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। होली मिलन का यह आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए आपसी एकता, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश लेकर आया।

