रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। आदित्यपुर स्थित नरभेराम हीरो शोरूम को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए देर रात शोरूम की लोहे की ग्रिल काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब 3 लाख 40 हजार रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन तथा पूरी तिजोरी लेकर फरार हो गए। सुबह जब कर्मचारियों ने शोरूम खोला तो घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही शोरूम के जीएम रितेश कुमार ने मामले की लिखित शिकायत आदित्यपुर थाना में दर्ज कराई। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर कुछ संदिग्ध गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले से रेकी की थी और योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। स्थानीय व्यवसायियों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन तेज कर दी गई है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ और जांच अभियान चला रही है।


