पूर्वी सिंहभूम में क्लबफुट उन्मूलन की दिशा में टाटा स्टील फाउंडेशन की अग्रणी पहल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) ने टाटा मेन हॉस्पिटल, पूर्वी सिंहभूम जिला स्वास्थ्य प्रशासन एवं अनुष्का फाउंडेशन के सहयोग से सोनारी स्थित ट्राइबल कल्चर सेंटर में “नई राहें: नए कदम” सम्मान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में क्लबफुट उन्मूलन परियोजना की सफलता और स्वास्थ्य क्षेत्र में स्वयंसेवी योगदान को सम्मानित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर पहचान और उपचार से बच्चों को सामान्य जीवन की ओर लौटने का अवसर मिल रहा है। विशिष्ट अतिथियों में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट राजीव मंगल, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल तथा टीएसएफ के सीईओ सौरव रॉय उपस्थित थे।
पिछले दो वर्षों में परियोजना के तहत पूर्वी सिंहभूम में क्लबफुट से प्रभावित 80 से अधिक बच्चों की पहचान कर उन्हें पॉन्सेटी पद्धति से उपचार उपलब्ध कराया गया है। यह विश्व स्तर पर मान्य, बिना सर्जरी की और किफायती उपचार पद्धति है, जिससे बच्चों को दीर्घकालीन गतिशीलता मिल रही है।
समारोह में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्वयंसेवकों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया, वहीं उपचाररत बच्चों के परिवारों के धैर्य और सहयोग की भी सराहना की गई। कार्यक्रम में टाटा मेन हॉस्पिटल व सदर अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, ऑर्थोपेडिक सर्जन एवं अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

