मानगो मेयर चुनाव में सियासी घमासान तेज
मानवता के आधार पर सुधा गुप्ता बनीं प्रत्याशी और चुनाव लड़ रहीं हैं : बन्ना गुप्ता
विधायक सरयू राय पर निशाना साधते हुए बन्ना गुप्ता ने कहा कि कचरे की समस्या गलत नीतियों और कुबुद्धि का परिणाम है
बन्ना गुप्ता का सरयू राय पर तीखा हमला, बोले ‘अगर हैसियत है तो मधु जी की मांग में सिंदूर भरकर समाज को बताएं’
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर शहर की राजनीति गरमा गई है। मंगलवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि उनकी पत्नी सुधा गुप्ता जात और धर्म से ऊपर उठकर मानवता के आधार पर मेयर प्रत्याशी बनी हैं और मानगो मेयर का चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने मानगो की समस्याओं को नजदीक से देखा और समझा है तथा प्रतिबद्धता को हमेशा अपनी राजनीति का मूल आधार बनाए रखा है।
इस संवाददाता सम्मेलन में मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता और मनोज झा भी मौजूद थे। बन्ना गुप्ता ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र की जनता ने उन पर लगातार भरोसा जताया है और चारों विधानसभा चुनावों में उन्हें भारी समर्थन मिला। उनका संकल्प है कि मानगो की यातायात समस्या को स्थायी रूप से समाप्त किया जाए। फ्लाईओवर परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिस योजना पर कभी सवाल खड़े किए गए थे, आज वह तेज गति से धरातल पर उतर रही है। एमजीएम अस्पताल की भव्य इमारत और मानगो में स्थापित पावर ग्रिड को उन्होंने विकास का ठोस उदाहरण बताया।
विधायक सरयू राय पर निशाना साधते हुए बन्ना गुप्ता ने कहा कि कचरे की समस्या गलत नीतियों और कुबुद्धि का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि पानी की समस्या से निजात दिलाना प्राथमिकता होगी और अपने कार्यकाल में उन्होंने सभी स्कूलों को अपग्रेड कराया था। उन्होंने कहा कि मानगो को स्वच्छ और प्रकाशमय बनाना, महिला स्वावलंबन, सशक्तिकरण और रोजगार सृजन करना मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
मेयर चुनाव को लेकर चल रही जुबानी जंग पर प्रतिक्रिया देते हुए बन्ना गुप्ता ने कहा कि यदि सुधा गुप्ता चुनाव जीतती हैं तो वे गर्व से “मेयर के पति” कहलाएंगे। इसमें शर्म जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीति मुद्दों पर होनी चाहिए, न कि निजी जीवन पर कटाक्ष के जरिए।
वहीं मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह दिन उनके लिए सिर्फ नामांकन का दिन नहीं, बल्कि मानगो की हर बेटी, मां, बहन और उन परिवारों की आवाज बनने का संकल्प है, जिनकी बातें अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव वह सत्ता के लिए नहीं, बल्कि जनता के भरोसे और सेवा के संकल्प के लिए लड़ रही हैं। एक महिला होने के नाते उन्होंने विश्वास जताया कि जब महिला ठान लेती है तो परिस्थितियां भी रास्ता दे देती हैं।
सुधा गुप्ता ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी का उन पर विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया। मानगो मेयर चुनाव से पहले नेताओं के बीच बढ़ती तल्खी ने शहर की राजनीति को और गरमा दिया है और आने वाले दिनों में सियासी बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

