मानगो मेयर के लिए अंसार खान ने पत्नी मोमिना बेगम के नाम की घोषणा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष अंसार खान ने मानगो मेयर पद के लिए अपनी पत्नी मोमिना बेगम को उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा की है।
अंसार खान ने बताया कि वे बीते कई दिनों से मानगो क्षेत्र की बस्तियों में लगातार संपर्क कर रहे थे। स्थानीय बस्तीवासियों के सुझाव और समर्थन के बाद उन्होंने यह फैसला लिया। उन्होंने कहा कि मानगो मेयर की सीट महिला के लिए आरक्षित है, इसी को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के लोगों ने उन्हें अपनी पत्नी को चुनाव मैदान में उतारने की सलाह दी।
अंसार खान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। वे पार्टी में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं और वर्तमान में भी संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके अलावा वे झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि रह चुके हैं और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के प्रतिनिधि के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। मानगो क्षेत्र में उनकी सक्रियता और जनसंपर्क के कारण वे काफी चर्चित माने जाते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार अंसार खान मानगो क्षेत्र की समस्याओं को लेकर हमेशा सक्रिय रहते हैं।
सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, बिजली पोल, केबल, ट्रांसफार्मर और पानी की समस्या सहित विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान में वे लगातार जुटे रहते हैं। कई बार तो वे स्वयं मजदूर बनकर, कंधे पर सीढ़ी उठाकर बस्तियों में खराब स्ट्रीट लाइटें ठीक कराते नजर आए हैं।
उनकी पहचान एक ऐसे जननेता के रूप में है जो दिन हो या रात, किसी भी समय फोन आने पर लोगों की मदद के लिए तुरंत पहुंच जाते हैं। अंसार खान की ओर से मोमिना बेगम के नाम की घोषणा के बाद मानगो की राजनीति में नई हलचल देखी जा रही है।

