उपायुक्त की अध्यक्षता में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 की धान अधिप्राप्ति समीक्षा, समयबद्ध भुगतान पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला — उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के अंतर्गत धान अधिप्राप्ति कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला आपूर्ति, सहकारिता एवं कृषि विभाग के पदाधिकारी तथा सभी संबंधित प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 909 किसानों से 52,504.72 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है, जबकि जिले में 7,217 सक्रिय किसान पंजीकृत हैं। उपायुक्त ने लंबित भुगतान को शीघ्र पूर्ण करने तथा धान विक्रय के 48 घंटे के भीतर किसानों को भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने प्रखंडवार एवं लैम्प्सवार समीक्षा करते हुए किसान पंजीकरण में वृद्धि, एडवांस सीएमआर जनरेशन में तेजी, धान के ससमय उठाव और लक्ष्य के अनुरूप क्रियान्वयन पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रखंड आपूर्ति एवं सहकारिता पदाधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें और किसानों से निरंतर संपर्क बनाए रखें।
इसके साथ ही इनेक्टिव किसानों को सक्रिय करने, गोदाम क्षमता बढ़ाने हेतु सरकारी भवनों के चिन्हितकरण तथा पारदर्शिता के साथ दस्तावेजों के संधारण और डेटा के नियमित अद्यतन के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि धान अधिप्राप्ति में किसानों के हित सर्वोपरि हैं और सभी कार्य राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित किए जाएं।

