पुस्तक दान शिविर को मिला जनसहयोग, दो दिनों में 372 पुस्तकें संग्रहित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।जिला प्रशासन के सहयोग से जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति द्वारा डीएम म्युनिसिपल लाइब्रेरी के लिए आयोजित पुस्तक दान शिविर के दूसरे दिन भी नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। दूसरे दिन प्राप्त पुस्तकों को मिलाकर अब तक कुल 372 पुस्तकें दान स्वरूप संग्रहित की जा चुकी हैं।
शिविर में दान की गई पुस्तकें शैक्षणिक, साहित्यिक, प्रतियोगी परीक्षाओं, बाल साहित्य एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित हैं, जिससे डीएम म्युनिसिपल लाइब्रेरी और अधिक समृद्ध होगी।
शीर्ष पुस्तक दानदाताओं में श्रीमती मंजू खंडेलवाल (150 पुस्तकें), श्री बन्नी गुप्ता (95), श्री सम्राट चक्रवर्ती (45), सुश्री अन्नी अमृता (35), श्री मंचंद अग्रवाल (15), डॉ. शाहीर पाल (14), श्री विकास श्रीवास्तव (10), श्री कर्ण सत्यार्थी (7) एवं श्री भोगला सोरेन (1 पुस्तक) शामिल हैं।
आयोजकों के अनुसार, दान में प्राप्त पुस्तकों को विषयवार वर्गीकृत कर शीघ्र ही पाठकों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति ने सभी दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आम नागरिकों से अपील की है कि वे आगे भी इस पुस्तक दान अभियान से जुड़कर पठन-पाठन की संस्कृति को सशक्त बनाने में सहयोग करें।

