घाटशिला में प्रज्ञा केंद्र संचालक सह भाजपा नेता उमाकांत महतो की गोली मारकर हत्या
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत गालुडीह थाना क्षेत्र में अपराधियों ने प्रज्ञा केंद्र संचालक सह भाजपा नेता उमाकांत महतो की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उलदा पंचायत के पास बाइक सवार तीन युवक खड़िया कॉलोनी बस स्टैंड के समीप पहुंचे और प्रज्ञा केंद्र के संचालक उमाकांत महतो को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे टाटा की ओर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि उमाकांत महतो का गांव में जमीन विवाद को लेकर कई वर्षों से विवाद चल रहा था और इसको लेकर पूर्व में भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद कारण हो सकता है।
घटना के बाद मृतक की पत्नी आशा महतो, पुत्र अनुप महतो और बड़े भाई सृष्टिपदो महतो का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही गालुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुट गई है।

