जमशेदपुर वन विभाग को बड़ी सफलता, वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर वन विभाग को वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। वन विभाग की टीम ने साकची के काशीडीह और साकची गोलंबर क्षेत्र में छापेमारी कर हिरण का सींग, मोर के पंख, 56 तोते एवं 20 चिड़ियां बरामद की हैं। इस मामले में तीन वन्यजीव तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) सब्बा आलम अंसारी ने बताया कि विभाग को शहर में सक्रिय वन्यजीव तस्करों के गिरोह की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एक विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई। कासीडीह में छापेमारी के दौरान हिरण का सींग और मोर के पंख बरामद हुए, वहीं साकची गोलंबर के समीप एक वैन से बड़ी संख्या में तोते और चिड़ियां पकड़ी गईं।
डीएफओ के अनुसार सभी बरामद वन्यजीवों को सुरक्षित किया गया है और तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीव तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

