मनरेगा को पुनः बहाल करने को लेकर पंचायत क्षेत्र में कांग्रेस की चौपाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत परसुडीह मंडल कांग्रेस द्वारा हलुदबनी पंचायत क्षेत्र में चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष नारायण डे ने की। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में ब्रजेन्द्र कुमार तिवारी और संजय सिंह आज़ाद उपस्थित रहे।
चौपाल को संबोधित करते हुए संजय सिंह आज़ाद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के मूल स्वरूप को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय केंद्र सरकार 90% राशि उपलब्ध कराती थी, जबकि वर्तमान में केंद्र का हिस्सा घटाकर 60% कर दिया गया है, जिससे मजदूरों के रोजगार पर असर पड़ा है।
विशिष्ट अतिथियों में राजा सिंह राजपूत, सुल्तान अहमद, आशीष ठाकुर, अमरजीत नाथ मिश्र, रंजीत सिंह, राजेन्द्र सिंह, मुन्ना मिश्र और सरदार सुरेन्द्र सिंह शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने पंचायत व ग्राम स्तर तक आंदोलन तेज कर मनरेगा को मूल रूप में बहाल कराने का संकल्प दोहराया। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों व मजदूरों ने भाग लिया।

