विशेष पीटीएम बैठक में मेधावी छात्रों व जागरूक अभिभावकों का हुआ सम्मान
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड अंतर्गत राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, खजूरी में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन घोष की अध्यक्षता में विशेष पीटीएम (अभिभावक–शिक्षक बैठक) का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य विद्यालय, शिक्षक और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास को गति देना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले 18 मेधावी छात्रों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। छात्रों के सम्मान से उनमें आत्मविश्वास बढ़ा और अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिली। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक सहयोग देने वाले 18 जागरूक अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, चार एसएमसी सदस्यों तथा शिक्षकों को अंग वस्त्र देकर उत्सवर्धन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने कहा कि बच्चों की प्रगति में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। नियमित संवाद और सहयोग से ही बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
मौके पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक नित्यानंद माजी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में शिक्षक रूपम कुमार लोह सहित विद्यालय के सभी शिक्षक, एसएमसी अध्यक्ष एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।

