अधिवक्ताओं के हितों की हर स्तर पर होगी रक्षा : राजेश शुक्ल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला:झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन व वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ल ने कहा कि राज्य के अधिवक्ताओं के हितों की हर स्तर पर रक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि बार काउंसिल अधिवक्ताओं के लिए बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
घाटशिला बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए श्री शुक्ल ने कोल्हान क्षेत्र के जिला व अनुमंडल न्यायालयों में अधिवक्ताओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने, बार भवन के विस्तार व दो मंजिला निर्माण तथा सांसद निधि से पुनः विस्तार के प्रस्ताव की जानकारी दी। साथ ही राज्य सरकार से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट शीघ्र लागू करने की मांग की।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा ने श्री शुक्ल को अधिवक्ताओं का गौरव बताते हुए उनके तीन दशक से अधिक के योगदान की सराहना की। समारोह में सचिव बबलू मुखर्जी सहित पूर्व पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे और अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ देकर श्री शुक्ल को सम्मानित किया गया।

