अयोध्या में लहराएगी धर्म ध्वजा सांस्कृतिक गौरव और आध्यात्मिक नवयुग का शुभारंभ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
अयोध्या एक बार फिर इतिहास रचने जा रही है। 25 तारीख को राम मंदिर परिसर में धर्म ध्वजा का भव्य ध्वजारोहण होगा, जिसके मुख्य अतिथि स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे। यह ध्वजारोहण केवल एक परंपरा का पालन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की पुनर्स्थापना और आध्यात्मिक ऊर्जा के उत्थान का प्रतीक बनेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर स्थापित यह धर्म ध्वजा आधुनिक तकनीकों से लैस होगी, ताकि मौसम और समय के प्रभाव से यह संरक्षित रहे। ध्वज पर सूर्य का विशेष प्रतीक अंकित रहेगा, जो ऊर्जा, प्रकाश, सत्य और धर्म के शाश्वत मार्ग का द्योतक है।
राम मंदिर परिसर अभी से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से गूंज रहा है। हर कोई इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने को उत्सुक है। पूरा मंदिर परिसर भव्य सजावट से दैदीप्यमान हो उठा है, मानो सम्पूर्ण अयोध्या दिव्य लोक का रूप ले चुकी हो। यह आयोजन न केवल आस्था को नई ऊँचाई देगा, बल्कि भारत के सांस्कृतिक वैभव और एकता का विश्व-पटल पर गर्वपूर्ण प्रदर्शन भी करेगा।
यह धर्म ध्वजा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी—कि भारत आधुनिकता की राह पर चलते हुए भी अपनी आध्यात्मिक जड़ों से गहराई से जुड़ा है।

