चाईबासा में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, ब्लैक स्पॉट्स का संयुक्त निरीक्षण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी पश्चिमी सिंहभूम के निर्देश पर जिले में चिन्हित किए जा रहे ब्लैक स्पॉट्स का मंगलवार को राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, जिला परिवहन विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार, राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल चाईबासा के सहायक अभियंता राजाराम दीवाना, पुलिस पदाधिकारी और जिला सड़क सुरक्षा टीम मौजूद रही।

टीम ने सबसे पहले चाईबासा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बादुरी विलेज पहुँचकर वहां सड़क की स्थिति, ट्रैफिक मूवमेंट और दुर्घटना के कारणों का जायजा लिया। बताया गया कि इस स्थान पर तेज गति मुख्य कारण रहा, जहां अब तक 07 दुर्घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं। इनमें दोपहिया वाहन, ट्रक और अज्ञात वाहन शामिल रहे हैं। मौके पर रम्बल स्ट्रिप लगाने, स्पीड लिमिट बोर्ड स्थापित करने तथा NH-220 से जुड़ने वाली ग्रामीण सड़क पर स्पीड कंट्रोल हेतु ब्रेकर लगाने की जरूरत चिन्हित की गई।
इसके साथ ही दोपहिया और भारी वाहनों पर एन्फोर्समेंट बढ़ाने तथा हेलमेट–सीट बेल्ट को लेकर जागरूकता अभियान की आवश्यकता पर जोर दिया गया। टीम ने यहां सड़क सुरक्षा ग्राम समिति बनाने का भी सुझाव दिया।
इसके बाद टीम ने सदर थाना क्षेत्र स्थित R.K जैन पेट्रोल पंप से ओवरब्रिज तक के मार्ग का निरीक्षण किया। यह इलाका घनी आबादी, अतिक्रमण और सघन ट्रैफिक के कारण ब्लैक स्पॉट घोषित किया गया है। अब तक यहां 09 दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें बस, दोपहिया एवं ट्रक शामिल रहे। टीम ने बस स्टैंड चौक के चौड़ीकरण और सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। साथ ही अनधिकृत अतिक्रमण हटाने और वाहनों पर एन्फोर्समेंट कड़ा करने की जरूरत पर बल दिया गया।
जिला प्रशासन जल्द ही इन स्थानों पर सुधारात्मक कदम उठाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने की तैयारी में है।

