प्रेमनगर में महिलाओं ने मनाई यमद्वितीया पूजा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। प्रेमनगर हाता में यमद्वितीया पूजा बड़े ही धूमधाम और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। यह पर्व भाई-बहन के स्नेह और आस्था का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर प्रेमनगर की महिलाओं ने प्रातःकाल गोबर से सांप और बिच्छू की सुंदर आकृतियाँ बनाकर पूजा-अर्चना की।
सुबह से ही बहनों ने अपने भाइयों की लंबी आयु, सुख और समृद्धि की कामना करते हुए व्रत रखा। परंपरा के अनुसार गोधन कूटने के बाद बहनों ने अपने भाइयों को तिलक लगाया और उन्हें भोजन कराकर स्वयं अन्न ग्रहण किया। पूरे दिन क्षेत्र में धार्मिक माहौल और उत्साह का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर संध्या मिश्रा, मुन्नी कुमारी, राजेश्वरी मिश्र, वर्षा मिश्रा, रितु भारती एवं पलक कुमारी सहित कई महिलाएं उपस्थित थीं। महिलाओं ने कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के प्रेम और आपसी बंधन को मजबूत करने का प्रतीक है।

