मानगो में होटल में सिलिंडर ब्लास्ट, दो मजदूर झुलसे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला स्थित आवास प्लाजा नामक होटल में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। होटल में रखे दो एलपीजी सिलिंडर अचानक ब्लास्ट हो गए, जिससे देखते ही देखते पूरे होटल में आग लग गई। हादसे में होटल के दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गईं। बताया जा रहा है कि धमाका इतना जोरदार था कि होटल की एक दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। फिलहाल राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

