टाटानगर में “हमारे वोटों की चोरी रोकें” अभियान को जनता का समर्थन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस की ओर से टाटानगर मंडल क्षेत्र में “हमारे वोटों की चोरी रोकें” जन-जागरूकता एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इसका नेतृत्व जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे और मंडल अध्यक्ष मुन्ना मिश्रा ने किया।
आनन्द बिहारी दुबे ने कहा कि मतदाता सूची से नाम गायब होना, डुप्लीकेट प्रविष्टियां और चुनिंदा समुदायों को निशाना बनाना लोकतंत्र की जड़ों पर प्रहार है। उन्होंने चुनाव आयोग से वोटर लिस्ट को फोटो सहित मशीन-रीडेबल प्रारूप में सार्वजनिक करने, गलत तरीके से नाम हटाए जाने पर त्वरित शिकायत निवारण प्रणाली बनाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस अभियान में बड़ी संख्या में नागरिकों व स्थानीय दुकानदारों ने हिस्सा लेकर हस्ताक्षर किए और कांग्रेस के प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में आनन्द बिहारी दुबे, मुन्ना मिश्रा, आशीष ठाकुर, ब्रजेन्द्र तिवारी, रंजीत सिंह समेत कई कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

