दुर्गा पूजा पर शहर में सख्त सुरक्षा, बाइक पेट्रोलिंग टीम को हरी झंडी
सिटी एसपी ने जवानों को दिए निर्देश, भीड़भाड़ और संवेदनशील जगहों पर रखी जाएगी कड़ी नजर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दुर्गा पूजा को लेकर शहर में खास उत्साह है। पंडाल उद्घाटन के साथ श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए निकल रहे हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए शनिवार को साकची पुलिस कंट्रोल रूम से बाइक पेट्रोलिंग टीम को सिटी एसपी कुमार शिव आशीष ने ब्रीफिंग देने के बाद हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सिटी एसपी ने कहा कि पेट्रोलिंग टीम को सख्त निर्देश दिया गया है कि पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों और पंडालों के आसपास लगातार गश्त करें। रात में मंदिर, मस्जिद और गुरुद्वारों के आसपास भी निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान छह दिन तक बैंक बंद रहेंगे, ऐसे में बैंकों के आसपास भी सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने से बचें। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

