साकची में बनेगा ‘जमशेदपुर हाट’, कारीगरों को मिलेगा साझा मंच
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने किया निर्माण कार्य का शिलान्यास, पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को मिलेगा बढ़ावा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने साकची स्थित विश्वकर्मा प्वाइंट परिसर में ‘जमशेदपुर हाट’ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, उप नगर आयुक्त (जेएनएसी) कृष्ण कुमार एवं धालभूम के एसडीएम चंद्रजीत सिंह उपस्थित थे।
‘जमशेदपुर हाट’ का उद्देश्य जिले के कारीगरों, शिल्पकारों और हस्तशिल्प से जुड़े समुदायों को एक साझा मंच देना है, जहां वे अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री कर सकेंगे। यहां बोडाम प्रखंड के अंधारझोर गांव के वाद्य यंत्र निर्माताओं समेत विभिन्न प्रखंडों के शिल्पकारों को शामिल किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि इस पहल से कारीगरों को अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा और स्थानीय स्तर पर बाजार की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित कर युवाओं व महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जाए तथा प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीक से उनकी आय में वृद्धि हो।

