बिरसानगर में आश्रम की जमीन पर कब्जे का विवाद, पुलिस-प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती
शिकायतकर्ता और भूमि माफिया आपस में मिल गए हैं?
राष्ट्र संवाद मुख्य संवाददाता
जमशेदपुर : बिरसा सेवा दल पंचायत समिति के अध्यक्ष मनोज लाकड़ा उर्फ चंचल लाकड़ा ने आरोप लगाया है कि बिरसानगर जोन नंबर 1 बी स्थित गुरु बाबा आश्रम की सार्वजनिक जमीन पर असामाजिक तत्वों और भू-माफियाओं द्वारा जबरन कब्जा कर बेचने की कोशिश की जा रही है। इसके कारण स्थानीय निवासियों और भू-माफियाओं के बीच लगातार झगड़ा-झंझट और मारपीट की स्थिति बनी हुई है, जिससे क्षेत्र में अशांति फैल रही है।

बताया गया है कि एक भू-माफिया हाल ही में जेल से छूटकर आया है और अपने आपराधिक दबदबे के दम पर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। इस वजह से स्थानीय लोग काफी दहशत में हैं गौरतलब है कि एक दूसरी जमीन पर सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक सरयू राय ने शिलान्यास किया था। लेकिन अब भू-माफियाओं द्वारा यह प्रचारित किया जा रहा है कि काम बंद हो गया है और प्रोजेक्ट खत्म हो गया है, ताकि जमीन को बेचने का रास्ता साफ हो सके। इसी वजह से बिरसानगर बदनाम हो रहा है।

सूत्रों का दावा है कि इस पूरे प्रकरण में भूमि माफिया और शिकायतकर्ता मनोज लाकड़ा उर्फ चंचल लाकड़ा आपस में मिलकर एक नई रणनीति पर काम कर रहे हैं। यह मामला बिरसानगर थाना और नगर पुलिस उपाधीक्षक दोनों के लिए गंभीर चुनौती बन गया है। स्थानीय लोगों ने उपायुक्त से उच्चस्तरीय जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इधर, जमीन की जिस तरह से घेराबंदी की जा रही है, उससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि लाखों-करोड़ों का एक बार फिर बड़ा खेल बिरसानगर थाना क्षेत्र में होने जा रहा है। देखना यह होगा कि भूमि माफिया अपनी मंशा में सफल होते हैं या फिर प्रशासनिक कार्रवाई से आश्रम की जमीन सुरक्षित बचती है। चूंकि आश्रम के कर्ताधर्ता विदेश में हैं और उनके गोद लिए गए कथित बेटे पर भी इस पूरे विवाद में सवाल उठ रहे हैं, ऐसे में मामला और भी पेचीदा हो गया है।

