तेल पाइपलाइन की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने की अपील
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: आईओसीएल हल्दिया-बरौनी तेल पाइपलाइन जामताड़ा जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों से होकर गुजरती है। हाल के दिनों में असामाजिक तत्वों द्वारा पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर तेल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की कोशिश की जा रही है। जिला पुलिस प्रशासन ने इस पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए आम जनता से सहयोग की अपील की है।
तेल पाइपलाइनों में उच्च दबाव से तेल का प्रवाह होता है। किसी प्रकार की छेड़छाड़ से बड़े हादसे होने और जान-माल की भारी क्षति की आशंका रहती है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति पाइपलाइन को नुकसान पहुँचाने, गड्ढा खोदने, छेद करने या नोजल लगाकर तेल चोरी करने की कोशिश करता है, तो उसकी सूचना तुरंत दें।
सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष (9470591069), पुलिस अधीक्षक कार्यालय (9470591036) या अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नाला (9471194944) पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा और उपयोगी जानकारी देने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि तेल चोरी या पाइपलाइन को क्षति पहुँचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने ग्रामीणों से राष्ट्र की संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग की अपील की है।

