दुर्गा पूजा की तैयारी : केंद्रीय समिति ने टाटा स्टील यूआईएसएल संग बैठक कर रखी मांगें

राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति और टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) पदाधिकारियों के बीच बैठक हुई।

बैठक में मुख्य रूप से टूटी सड़कों की मरम्मत, विसर्जन घाट की स्थिति सुधार, पंडालों में स्वच्छता व डस्टबिन उपलब्ध कराने, कीचड़ से राहत के लिए स्लैग आपूर्ति जैसी मांगें उठाई गईं। जुस्को पदाधिकारी आर.के. सिंह ने आश्वासन दिया कि बारिश थमते ही सड़कों की मरम्मत युद्धस्तर पर होगी।
इसके अलावा, अस्थायी स्ट्रीट लाइट, पार्किंग की व्यवस्था, पाइपलाइन लीकेज, ड्रेनेज कवरिंग और विभिन्न समितियों के पंडालों से जुड़ी समस्याएं भी सामने आईं।
जुस्को ने पूजा समितियों से समय पर बिजली कनेक्शन के आवेदन जमा करने की अपील की, जबकि केंद्रीय समिति ने समितियों से कहा कि अपनी समस्याएं तुरंत साझा करें ताकि समाधान जल्द हो सके।
बैठक में केंद्रीय समिति के महासचिव आशुतोष सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष नीरज सिंह, दिवाकर सिंह, समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

