फतेहपुर प्रखंड के पवनमोड़-लाकड़टांगा सड़क बदहाली की मार झेल रही, राहगीरों की मुश्किलें बढ़ीं
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत पवनमोड़ से लाकड़टांगा तक की करीब 3 किमी लंबी मुख्य सड़क की हालत बद से बदतर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और जर्जर स्थिति के कारण राहगीरों का आना-जाना बेहद मुश्किल हो गया है। स्थिति इतनी खराब है कि एक समय में दो लोग एक साथ सड़क पार नहीं कर सकते। किसी एक राहगीर को दूसरे के गुजरने का इंतजार करना पड़ता है, जिससे रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान समस्या और भी गंभीर हो जाती है। सड़क पर गड्ढों में पानी भर जाता है,जिससे बाइक या अन्य वाहन ले जाना तो दूर पैदल भी जाना खतरनाक हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क का शिलान्यास एक साल पहले ही कर दिया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
पवनमोड़-लाकड़टांगा सड़क क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ती है और रोजाना सैकड़ों लोग इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क पक्कीकरण का कार्य शुरू करने की मांग की है।

