राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्यकर्मियों के लिए एकदिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : सिविल सर्जन डॉ. साहिर पॉल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) अंतर्गत Training on Tobacco Cessation for Healthcare Providers विषय पर एकदिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें आयुष विभाग के चिकित्सा पदाधिकारी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी शामिल हुए।

जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धाउरिया ने कहा कि तंबाकू नियंत्रण एक महत्वपूर्ण जनहित कार्यक्रम है, जिसमें सभी की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने बताया कि 13 से 19 वर्ष के बच्चों को तंबाकू कंपनियां विशेष रूप से निशाना बनाती हैं, इसलिए स्कूल के मुख्य द्वार से 100 गज के भीतर तंबाकू बिक्री प्रतिबंधित है। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि NRT की दवा सभी प्रखंड स्तरीय दंत चिकित्सालयों में उपलब्ध है।

जिला परामर्शी मौसमी चटर्जी ने तंबाकू में मौजूद 4000 जहरीले तत्वों और उनसे होने वाली बीमारियों पर प्रकाश डाला। वहीं, कुंदन कुमार ने कोटा एक्ट 2003 की जानकारी साझा करते हुए कहा कि जुर्माना लगाने का मकसद सरकार की आमदनी नहीं बल्कि लोगों में जागरूकता और भय पैदा करना है। उन्होंने सुझाव दिया कि कार्यस्थल पर हर सप्ताह कम से कम 10 मिनट तंबाकू के दुष्परिणामों पर चर्चा अवश्य हो।

कार्यक्रम में वित्त राजीव लोचन महतो, ऋषिकेश गिरी समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।


