भागलपुर के रजिस्ट्रार बिनय सौरभ के ठिकाने पर EOU की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की अवैध संपत्ति का खुलासा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पूर्णिया :आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने भागलपुर के रजिस्ट्रार बिनय सौरभ के पूर्णिया स्थित फ्लैट पर छापेमारी कर करोड़ों की अवैध संपत्ति का खुलासा किया है। सदर थाना क्षेत्र के बाईपास स्थित पैनोरमा हाइट में करीब 8 घंटे चली इस कार्रवाई में 2.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, मंगलसूत्र, फ्लैट के कागजात और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए।

जांच में सामने आया है कि बिनय सौरभ ने भ्रष्टाचार और अवैध तरीकों से आय से लगभग 188% अधिक संपत्ति अर्जित की है। उनकी वैध आय जहां 1.43 करोड़ रुपये आंकी गई है, वहीं उनके पास 2.70 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां पाई गई हैं।

EOU की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि सौरभ के पास पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी और जलपाईगुड़ी में 7 प्लॉट और एक दुकान है, जिसकी जानकारी उन्होंने सरकार को नहीं दी थी। इसके अलावा सासाराम और पटना में भी उन्होंने फ्लैट बुक कराए हैं।

फ्लैट की तलाशी के दौरान उनकी पत्नी के कमरे से नकदी, जेवरात और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए। पूछताछ में पत्नी ने सासाराम में एक नए फ्लैट की खरीदारी की जानकारी भी दी।

EOU की टीम अब बरामद दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है और बिनय सौरभ की अवैध संपत्ति व भ्रष्टाचार के आरोपों की पड़ताल में जुटी हुई है।


