कुंडहित बीडीओ के निर्देशानुसार फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत प्रखंड कर्मियों ने खाई दवा
कुंडहित प्रखंड के प्रधान लिपिक अबरार अहमद खान ने स्वयं सर्वप्रथम फाइलेरिया रोधी दवा खाकर कार्यक्रम की की शुरुआत
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद जमाले राजा के निर्देश पर गुरुवार को प्रखंड परिसर में फाइलेरिया रोधी दवा सेवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान की शुरुआत प्रखंड के प्रधान लिपिक अबरार अहमद खान ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा खाकर की। इसके बाद प्रखंड के अन्य सभी कर्मियों ने भी क्रमवार दवा खाई और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है। यह धीरे-धीरे शरीर को कमजोर बनाती है और कई बार स्थायी विकलांगता तक का कारण बन जाती है। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय-समय पर फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन करना है। सरकार द्वारा संचालित इस अभियान का उद्देश्य है कि प्रखंड का कोई भी व्यक्ति दवा खाने से वंचित न रह जाए।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के बीपीएम सलीम खान ने भी उपस्थित प्रखंड कर्मियों व लोगों को फाइलेरिया के लक्षणों, बचाव के उपायों और दवा सेवन की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं करती। बल्कि समय पर दवा खाने से इस बीमारी को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर प्रखंड कर्मियों व लोगों से अपील की कि वे भी अपने परिवार और आस-पड़ोस के सभी लोगों को दवा खाने के लिए प्रेरित करें। दवा का सेवन ही फाइलेरिया से बचाव का सबसे कारगर उपाय है। कार्यक्रम में प्रखंड के सभी विभागों के अधिकारी-कर्मी मौजूद थे और सभी ने उत्साहपूर्वक दवा खाई।

