छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक समिति महिला मंडल सोनारी में तीन दिवसीय भव्य राखी मेला शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक समिति महिला मंडल सोनारी के सभागार में तीन दिवसीय भव्य राखी मेला सह प्रदर्शनी का शुभारंभ भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में भाजपा नेता खेमलाल चौधरी, सीपी समिति मध्य विद्यालय के महामंत्री परमानंद कौशल, सामाजिक कार्यकर्ता सुकृत दास मानिकपुरी और समिति के अध्यक्ष कृष्णा प्रसाद विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मंडल की अध्यक्षा लक्ष्मी साहू और संचालन महामंत्री जया साहू ने किया।

मुख्य अतिथि दिनेश कुमार ने कहा कि “राखी मेला भाई-बहन के रिश्ते का उत्सव है, जो विभिन्न संस्कृतियों को जोड़ता है और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक है।” महिला मंडल की अध्यक्ष लक्ष्मी साहू ने बताया कि मेले में स्थानीय महिलाओं और विक्रेताओं द्वारा हस्तशिल्प, उपहार, साड़ी-सूट समेत कई वस्तुएं प्रदर्शित और बिक्री के लिए उपलब्ध होंगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

महामंत्री जया साहू ने बताया कि मेले का समापन 3 जुलाई को होगा, जिसमें विधायक पूर्णिमा साहू मुख्य अतिथि होंगी। मेले में मेहंदी सजाओ प्रतियोगिता समेत कई आकर्षक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग शामिल हुए।

