मां जीवन की प्रथम और सर्वोत्तम शिक्षक :काले
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आज शिक्षक दिवस के अवसर पर साक्ची स्थित नमन कार्यालय में अमरप्रीत सिंह काले के नेतृत्व में शिक्षक दिवस का विशेष आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम में मुख्य रूप से उन माताओं-बहनों के बीच मनाया गया, जो अपने परिवार और समाज के प्रति शिक्षिका के रूप में अपनी अहम भूमिका निभाती हैं। काले ने कहा, “मां जीवन की प्रथम और सर्वोत्तम शिक्षक होती है। हर बच्चा सबसे पहले अपनी मां से ही जीवन के महत्वपूर्ण पाठ सीखता है, इसलिए शिक्षक दिवस के इस विशेष अवसर पर माताओं का सम्मान सबसे उपयुक्त है।”
कार्यक्रम की शुरुआत में, माताओं और बहनों को उनके योगदान के लिए नमन किया गया।
इस दौरान उपस्थित माताओं-बहनों को संबोधित करते हुए काले ने कहा, “शिक्षक सिर्फ स्कूल या कॉलेज में ही नहीं होते, बल्कि हर मां अपने बच्चों की पहली और सबसे महत्वपूर्ण शिक्षिका होती है। हमारे जीवन के नैतिक मूल्यों, संस्कारों और व्यवहारों की नींव मां ही रखती है। हम सभी को अपनी मांओं का सम्मान करना चाहिए और उन्हें समाज की वास्तविक शिक्षिका के रूप में पहचानना चाहिए।”
इस कार्यक्रम के अंत में, सभी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और इस प्रकार के आयोजनों को भविष्य में भी जारी रखने की अपील की।

