पावर स्टार पवन सिंह की सीट को लेकर सस्पेंस खत्म, काराकाट से लड़ेंगे लोकसभा चुनाव
भोजपुरी फिल्म अभिनेता पवन सिंह ने चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। पवन सिंह ने खुद एक्स पर इसकी जानकारी दी। पवन सिंह काराकाट लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।पवन सिंह ने एक्स पर लिखा- “माता गुरुतरा भूमेरू” अर्थात माता इस भूमि से कहीं अधिक भारी होती हैं और मैंने अपनी मां से वादा किया था की मैं इस बार चुनाव लड़ूंगा। मैंने निश्चय किया है कि मैं 2024 का लोकसभा चुनाव काराकाट, बिहार से लड़ूंगा। जय माता दी”।
पवन सिंह का वीडियो हुआ वायरल
बीते दिनों पवन सिंह का एक वीडियो खूब वायरल हुआ। जिसमें वे कह रहे थे कि चुनाव तो वे लड़ेंगे, लेकिन कब, कहां, कैसे और किस पार्टी से लड़ना है, यह बाद की बातें हैं।
काराकाट लोकसभा सीट
बता दें कि काराकाट लोकसभा सीट इस समय जेडीयू के खाते में है। यहां से 2019 के लोकसभा चुनाव में महाबली सिंह चुनाव जीते थे। उन्हें 3,98,408 वोट मिले। जबकि रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को 3,13,866 मत हासिल हुए थे। वहीं, बीएसपी के राज नारायण तिवारी को 21,715 वोटों से संतोष करना पड़ा था।

