लापता व्यक्ति को मृत मान पुतला जलाकर किया गया अंतिम संस्कार
संवाददाता- विवेक चौबे
गढ़वा : तीन वर्षों से लापता व्यक्ति को मृत मान पुतला जलाकर रविवार को कोयल नदी में अंतिम संस्कार किया गया। हिंदू रीति रिवाज से अब उनका श्राद्ध कार्य किया जाएगा। जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत राणाडीह पंचायत के सोहगाड़ा गांव निवासी एक वृद्ध व्यक्ति राम प्रसाद राम 70 वर्ष 11 सितंबर 2020 को अचानक लापता हो गए थे।
प्रत्येक संभावित स्थान के साथ-साथ स्थानीय कोयल नदी व सोन नदी सहित पूरे इलाके तथा दूरस्थ क्षेत्रों में काफी दिनों तक उनकी गहन खोजबीन की गई। बावजूद इसके आज तक उनका कोई सुराग नहीं मिला। राम प्रसाद राम उत्तर कोयल सिंचाई परियोजना के मोहम्मद गंज बराज प्रमंडल के प्रधान सहायक के पद से 31 दिसंबर 2010 को सेवानिवृत हुए थे। वे इलाके के एक मानिंद व्यक्ति थे। जिनकी सभी गांवों में पूछ एवं प्रतिष्ठा थी। वह हमेशा लोगों से संपर्क किया करते थे। उसके बाद प्रतिदिन वापस घर आ जाया करते थे।
लेकिन 11 सितंबर 2020 को घर से निकलने के बाद फिर वे वापस नहीं लौटे। थक हार कर आज लोगों ने हिंदू लोकाचार के अनुसार उनका पुतला दहन करके अंतिम संस्कार किया गया। उनके बड़े पुत्र सह एनबीसीसी दिल्ली के मुख्य महाप्रबंधक नंदकिशोर राम ने मुखाग्नि दी। बड़ा बाबू एवं मुखिया जी के नाम से इलाके में विख्यात राम प्रसाद राम की शव यात्रा एवं अंतिम संस्कार के समय करीब 200 से अधिक लोग शामिल थे। इनमें सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर विश्वनाथ राम, लालजी राम, दया राम, शिवपूजन राम सहित कई लोग उपस्थित थे।

