राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित तीन दिवसीय झारखंड कृषि उत्पाद एवं व्यापार मेला में पोटका प्रखंड के 50 किसानों ने भाग लिया। यह मेला 16 जून से 18 जून तक आयोजित किया गया, जिसमें किसानों ने कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। सभी किसान मेला से आज लौटे।
मेले में किसानों ने कृषि, जैविक खेती, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, डेयरी विकास तथा कृषि यंत्रीकरण से संबंधित कुल 162 स्टॉलों का भ्रमण किया। इस दौरान विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक खेती के तौर-तरीकों, उन्नत बीजों, जैविक खेती के लाभ तथा कृषि आधारित स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी।कार्यक्रम में किसानों को जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने की अपील की गई। मेले को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक तरीकों का उपयोग कर कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की जा सकती है। उन्होंने किसानों से नई तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने और अपनी आय में वृद्धि करने का आह्वान किया।
मेले में शामिल किसानों ने विभिन्न विभागों और संस्थानों के स्टॉलों से कृषि संबंधी नई जानकारियां प्राप्त कर इसे उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया। प्रखंड के बीटीएम कौशल झा के नेतृत्व में सभी किसान शामिल हुए।

