अपनी पराजय को प्रशासन के मत्थे मढ़कर सहानुभूति बटोरने की जुगत में महागठबंधन : दिनेश
मतगणना के आशय से शुक्रवार दोपहर जिला प्रशासन द्वारा उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी के नेतृत्व में किये गए को-ऑपरेटिव कॉलेज के निरीक्षण पर जेएमएम नेता सह महागठबंधन प्रत्याशी द्वारा आपत्ती जताए जाने पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है। भाजपा के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने चंपाई सोरेन की आपत्ति को हास्यास्पद करार दिया। कहा कि अपनी विफलता को दूसरों के मत्थे मढ़ने की पुरानी आदत रही है महागठबंधन में शामिल दलों की। भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर स्वयं वे भी स्ट्रांग-रूम के बाहर कार्यकर्ताओं संग पहुँचें थें। पूरे प्रकरण की जानकारी लेने पर ज्ञात हुआ कि 23 मई को सुनिश्चित मतगणना के लिए प्रशासन द्वारा निरीक्षण किया जा रहा था ताकि ससमय ज़रूरी तैयारियां पूरी की जा सके। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जमशेदपुर संसदीय सीट पर जनता ने भाजपा प्रत्याशी विद्युत वरण महतो के पक्ष में बंपर वोट दिये हैं। अपनी पराजय के प्रबल संभावनाओं को भाँपकर चंपाई सोरेन घबरा गए हैं और हार छुपाने के बहाने ढूँढ़ रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि स्ट्रांग रूम सीसीटीवी कैमरों से लैश है। सुरक्षा बलों की मौजूदगी के अलावे स्वयं मौके पर अस्थाई शिविर लगाकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता डटे हुए हैं, ऐसे में किसी प्रकार की गड़बड़ी कैसे संभव है। भाजपा ने दावा किया कि जिला प्रशासन पूरी तरह से तटस्थत और निष्पक्ष है। झूठे चुनावी हलफनामा जमा करने के बावजूद जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने चंपाई सोरेन का नामांकन रद्द नहीं किया, बल्कि सुधार के लिए अवसर दिया। उस वक्त चंपाई सोरेन और महागठबंधन के नेताओं ने प्रशासन के व्यवहार पर किसी तरह का विरोध नहीं जताया। भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि महागठबंधन के नेता केवल अपनी सुविधानुसार लोगों पर आरोप लगाना जानतें हैं। भाजपा ने जमशेदपुर संसदीय सीट को दो लाख वोटों से जीतने के अपने दावे को दुहराया।
बागबेड़ा मंडल ने की स्ट्रांग रूम की निगरानी
उधर बागबेड़ा मंडल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मंडल अध्यक्ष संजय सिंह के नेतृत्व में सुबह आठ बजे से स्ट्रांग रूम की निगरानी का कमान संभाला। कार्यकर्ता कोऑपरेटिव कॉलेज परिसर में बनें पार्टी के अस्थाई शिविर में डटे रहें। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, जिला मंत्री राकेश सिंह, भाजयुमो नेता गौतम प्रसाद समेत अन्य ने कार्यकर्ताओं से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया।