*मेयर सुधा गुप्ता की पहल रंग लाई, जुस्को ने मानगो में शुरू कराया नालियों की सफाई अभियान*
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मानगो, जमशेदपुर।मानगो नगर निगम क्षेत्र में लंबे समय से जाम और गंदगी से भरी नालियों की समस्या के समाधान की दिशा में मेयर सुधा गुप्ता की पहल अब धरातल पर दिखाई देने लगी है। मेयर द्वारा टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक (एमडी) से हुई मुलाकात में मानगो की साफ-सफाई, जलनिकासी और नागरिक सुविधाओं को लेकर प्रमुखता से मुद्दे उठाए गए थे। उसी पहल का सकारात्मक परिणाम है कि जुस्को द्वारा मानगो के विभिन्न क्षेत्रों में नालियों की विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है।
अभियान के तहत जुस्को की मशीनों एवं सफाई कर्मियों की टीम द्वारा वर्षों से जमी गाद, कचरा एवं अन्य अवरोधों को हटाकर नालियों की सफाई की जा रही है, जिससे जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
कार्य की प्रगति का जायजा लेने के लिए मेयर सुधा गुप्ता स्वयं मौके पर पहुंचीं और जुस्को के अधिकारियों के साथ विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई कार्य केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक प्रभावित क्षेत्र की नालियों की पूरी तरह सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि बरसात के दौरान जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
मेयर ने कहा कि मानगो की जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील प्रबंधन के साथ हुई सकारात्मक बातचीत का परिणाम अब जमीन पर दिखने लगा है और आने वाले समय में भी सड़क, जलापूर्ति, सफाई तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार समन्वय स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने जुस्को के अधिकारियों से यह भी अपेक्षा की कि सफाई अभियान को नियमित रूप से जारी रखा जाए तथा जिन क्षेत्रों में जलनिकासी की गंभीर समस्या है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाए।
स्थानीय नागरिकों ने भी नालियों की सफाई शुरू होने पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि इस अभियान से गंदगी और जलजमाव की समस्या में काफी हद तक कमी आएगी¡
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के प्रबंधक निशांत कुमार, जुस्को के अधिकारी जगन्नाथ महापात्रों समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

