भारतीय लोकतंत्र की बिडंबना, भाजपा प्रत्याशी वोट नहीं माफी मांगने में लगे हैं: मनोज यादव
पांच वर्ष चतरा में विकास की जगह जुमलेबाजी हुई,चतरा के सांसद जनता के प्रति बने रहे कर्तव्यविहीन
राजद पर लगाया आरोप,कहा असंवैधानिक तरीके से महागठबंधन के बैनर पोस्टर का कर रहे हैं उपयोग
चतरा,18 अप्रैल: चतरा लोकसभा क्षेत्र से महागठबंधन के प्रत्याशी मनोज यादव ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला। कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए महागठबंधन प्रत्याशी मनोज यादव ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी सुनील सिंह ने पांच वर्षों तक विकास के सपने दिखाकर जनता को जुमलेबाजी में फंसाये रखा। आज इन्हें वोट मांगने की बजाय जनता से माफी मांगनी पड़ रही है। मनोज यादव ने भाजपा प्रत्याशी को कर्तव्यविहीन बताया। श्री यादव राजद के क्रियाकलापों से क्षुब्ध दिखे। उन्होंने राजद को वोटकटवा पार्टी बताते हुए कहा कि उनका निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा है। उन्होंने कहा कि राजद के लोग असंवैधानिक तरीके से महागठबंधन के बैनर पोस्टर का इस्तेमाल कर अचार संहिता का उलंघन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजद के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत की गई है।उन्होंने कहा कि भ्रमण के क्रम में क्षेत्र की जनता से भरपूर प्यार मिल रहा है। सभी जाति धर्म के लोग महागठबंधन के साथ हैं।उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र में समस्याओं का अंबार लगा है। चतरा से हंटरगंज सड़क का बुरा हाल है,अबतक बाईपास सड़क का निर्माण नहीं हो पाया। लातेहार के महुआडांड़ में मूलभूत समस्याएं ज्यो की त्यों मुंह बाए खड़ी है। यहां के लोग क्षेत्र से पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। महागठबंधन प्रत्याशी मनोज यादव ने कहा कि अगर उन्हें जनता का प्यार मिला तो चुनाव जीतने के बाद जनता से मिलकर उनकी समस्याओं का निदान करेंगे।