भाजपा के सदस्यता महाअभियान का शुभारंभ कल, सीएम करेंगे उद्घाटन
जनसंघ के संस्थापक और भारतीय जनता पार्टी के पितृपुरुष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती से शनिवार को पार्टी के सदस्यता महाभियान की शुरुआत होगी। जमशेदपुर में सूबे के मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास उक्त अभियान की शुरुआत करेंगे। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए भारतीय जनता पार्टी संगठन पर्व मनाएगी। इसके साथ ही सदस्यता महाभियान का शंखनाद होगा। जमशेदपुर में पार्टी में एक लाख नए प्राथमिक सदस्यों को जोड़ने तथा पाँच हज़ार सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। शनिवार सुबह दस बजे बिरसानगर के ज़ोन नंबर 02 स्थित गुड़िया मैदान के नज़दीक डूंगरीटोला मैदान से अभियान की शुरुआत होगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास, स्थानीय सांसद विद्युत वरण महतो, महानगर भाजपा के प्रभारी सत्येंद्र कुमार सिंह समेत स्थानीय विधायकगण एवं पार्टी के आला नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रहेगी। टॉलफ्री नंबर 8980808080 पर मिस्डकॉल के ज़रिए भाजपा की प्राथमिक सदस्यता प्राप्त की जा सकेगी। वहीं भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जनसंपर्क कर के पत्रक भरवाकर भी लोगों को सदस्यता दिलाएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने शुक्रवार को पार्टी के सभी कार्यकार्ताओं को मोबाइल संदेश प्रेषित कर उद्घाटन कार्यक्रम में सम्मिलित होने का आह्वाहन किया है। उक्त जानकारी भाजपा के जिला प्रवक्ता अंकित आनंद ने प्रेस विज्ञप्ति ज़ारी कर दिया।