पूर्व सीएम रघुवर दास ने गोड्डा जिला के महागमा विधानसभा के कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
■ भाजपा की राजनीति जनता, समाज, देश के लिए: रघुवर दास
■ भाजपा के लिए राष्ट्रहित और राष्ट्रनीति सर्वोपरि: रघुवर दास
शुक्रवार, जमशेदपुर: राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गोड्डा जिला अन्तर्गत महागमा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं को वर्चुअल रैली के माध्यम से संबोधित किया। शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की इस वर्चुअल रैली में हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रैली को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने महगामा विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कोरोना संकटकाल के बीच किये गए सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि गोड्डा जिला अन्तर्गत भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा एवं पूरे समपर्ण भाव से जरूरतमंदों की मदद की। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के लिए राजनीति नही करती है, बल्कि सत्ता के माध्यम से सेवा की राजनीति करती है। श्री दास ने मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के प्रथम वर्ष की उपलब्धियों को विस्तारपूर्वक बताते हुए जम्मू कश्मीर में धारा 370 समाप्त करने, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण कार्य प्रारंभ होने, पड़ोसी देशों में धर्म के आधार पर प्रताड़ित हिन्दू, सिख, बौद्ध, ईसाई, जैन एवं पारसी को भारत की नागरिकता प्रदान करने एवं तीन तलाक पर कानून बनाकर मुस्लिम बहनों को सम्मान प्रदान करने जैसे अनेक उल्लेखनीय कार्यों को ऐतिहासिक बताया।
*आपातकाल भारतीय राजनीति एवं लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय:* आपातकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा लोकतंत्र प्रेमियों के लिए 25 जून स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे काले अध्याय के रूप में याद किया जाता है। काँग्रेस सरकार द्वारा सत्ता बचाने में 25 जून 1975 को आधी रात में आपातकाल को घोषणा की गई एवं मीसा कानून के तहत हजारों विपक्षी लोगों की गिरफ्तारी कर देश को जेलखाने में बदल दिया, प्रेस सेंसरशिप कर दिया गया। आपातकाल के दौरान लाखों राष्ट्रभक्तों ने पुनः लोकतंत्र स्थापना के लिए अनेकों यातनाएं सही थी। आजादी की लड़ाई की तरह आपातकाल के दौरान गोड्डा क्रांतिकारियों का केंद्र था। आज अनेक क्रांतिकारी हमलोगों के बीच नही रहे, उन सभी सेनानियों को नमन करता हूँ। कहा कि 2014 में झारखंड में भाजपा की सरकार बनी तो उन्होंने आंदोलनकारियों की सुध ली और जून 2016 से जेपी आंदोलनकारी सम्मान पेंशन योजना पूरे राज्य में लागू किया।
*भाजपा के लिए राष्ट्रनीति सदैव सर्वोपरि है:* उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सीमा पूर्ण रूप से सुरक्षित है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पाकिस्तान को सबक सिखाया अब चीन भी अपने सैनिकों को वापस पीछे ले जा रही है। उन्होंने पूर्व की काँग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि काँग्रेस ने केवल सत्ता की राजनीति की है। कांग्रेस सरकार की नीति पाकिस्तान एवं चीन जैसे देशों के सामने घुटने टेकने की रही है। काँग्रेस ने सत्ता बचाने के लिए चीन एवं पाकिस्तान से मित्रतापूर्ण संबंध रखा। वहीं, राजनीति एवं राष्ट्रनीति के बीच जब जब संघर्ष हुआ है भाजपा ने हमेशा राष्ट्रनीति को प्राथमिकता दी है।
*आजादी के लड़ाई में स्वदेशी बना था हथियार:* रघुवर दास ने कहा कि आजादी की लड़ाई में भी स्वदेशी का उपयोग एक बड़ा हथियार बनकर विदेशी शक्तियों को भगाने में कारगार साबित हुआ। आज हमें देश को आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में स्वदेशी उपयोग को बढ़ावा देने की जरूरत है। भाजपा कार्यकर्ता अमजनों के बीच स्वदेशी उपयोग पर जागरूकता अभियान चलाएं।
*देश की एकता व राष्ट्रवादी सोच को तोड़ने में विदेशी शक्तियां लगी है:* अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश की एकजुटता खत्म करने में विदेशी शक्तियां, काँग्रेस एवं वामपंथी लगे हुए हैं। समाज के लोग ऐसे लोगों से सावधान रहें, हमारी एकता ही हमारा बल है। एकजुट समाज व देश ही भारत को पुनः विश्वगुरु बना सकता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी। राज्य सरकार की कमियां बताते हुए जनता के मुद्दों पर संघर्ष करेगी। जरूरत पड़ी तो सड़क से सदन तक जनता की आवाज बुलंद होगी।
इस दौरान भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, डिजिटल संवाद जिलाप्रभारी अमरजीत सिंह राजा, मंडल डिजिटल प्रभारी जयदीप मुखर्जी, महागामा विधानसभा के पूर्व विधायक अशोक भगत जी, गोड्डा जिलाध्यक्ष राजेश झा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोपाल सिंह, पार्टी के जिला पदाधिकारीगण, महागमा विधानसभा के सभी कोर कमेटी के सदस्य समेत विधानसभा अन्तर्गत निवास करने वाले हजारों कार्यकर्ता आमजन जुड़े रहे।