जमशेदपुर: जमशेदपुर महानगर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर ‘आपातकाल’ के खिलाफ उनके संघर्ष को स्मरण किया। गुरुवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मानगो जयप्रकाश नारायण सेतु के समीप स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा कि स्वतंत्रता संघर्ष से लेकर लोकतंत्र की रक्षा में अतुलनीय भूमिका निभाने संपूर्ण क्रांति के जनक जय प्रकाश नारायण ने ‘आपातकाल’ के खिलाफ विरोध का बिगुल फूंककर भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। उनके क्रांतिकारी विचार हमें सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा व संघर्ष के लिए प्रेरित करते रहेंगे। इस अवसर पर सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष सुरेश शर्मा, मानगो मंडल अध्यक्ष विनोद राय समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।