झारखंड में वज्रपात का कहर: खूंटी में क्रिकेट खेल रहे युवक की मौत, 11 झुलसे; कई जिलों में छह लोगों की गई जान
राष्ट्र संवाद संवादाता
रांची/खूंटी: झारखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच वज्रपात ने कई जिलों में कहर बरपाया है। सबसे दर्दनाक घटना खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड की कच्चाबारी पंचायत अंतर्गत पतराटोली गांव में हुई, जहां क्रिकेट खेल रहे युवाओं पर आकाशीय बिजली गिरने से 22 वर्षीय प्रेम बाखला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 युवक झुलस गए। इनमें अंकित बारला, अंशिल मिंज समेत तीन युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें रांची सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार अपराह्न करीब तीन बजे पतराटोली और लोधमा गांव के युवाओं के बीच क्रिकेट मैच चल रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी खिलाड़ी पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से यह हादसा हुआ।
राज्य के अन्य जिलों में भी वज्रपात से जनहानि की खबरें सामने आई हैं। रामगढ़ जिले के चितरपुर थाना क्षेत्र के केंदुआटांड़ गांव में 39 वर्षीय मानसी देवी की बकरियां चराकर लौटने के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। गोला प्रखंड के डुंडीगाछी गांव में 68 वर्षीय गंगासागर महतो मुर्गी शेड से लौट रहे थे, तभी बिजली गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र के बंदरगोडा गांव में आम के पेड़ के नीचे खेल रही 11 वर्षीय पोरायनी हेम्ब्रम की वज्रपात से मौत हो गई। वहीं गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड के अडवारा पंचायत स्थित तुकतुको गांव में पत्नी के साथ लौट रहे सीताराम हंसदा की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जान चली गई। धनवार प्रखंड के शहरपुरा गांव में 42 वर्षीय चंचला देवी भी महुआ पेड़ के पास खड़ी थीं, तभी वज्रपात की चपेट में आ गईं और उनकी मौत हो गई।
मौसम विभाग ने राज्य में बारिश के साथ वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।

