देश के युवाओं के भविष्य, राम मंदिर ट्रस्ट में पारदर्शिता और बेटियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं: बसंत कुमार मित्तल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 25 जुलाई। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल ने शनिवार को जमशेदपुर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में देश के समसामयिक सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दों पर संगठन का स्पष्ट रुख रखा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य, राम मंदिर ट्रस्ट में पारदर्शिता और महिलाओं की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संगठन किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।
26 जुलाई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कार्यसमिति की पहली बैठक से पूर्व आयोजित इस प्रेस वार्ता में मित्तल ने बताया कि बैठक में देश के 32 राज्यों से प्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन वर्तमान में 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों, 55 संभागों और 750 से अधिक जिलों में सामाजिक एवं राष्ट्रसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार से आंदोलनकारियों से वार्ता करने और देशभर में पारदर्शी एवं लीक-प्रूफ परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग की। अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित भूमि विवादों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी भी पदाधिकारी पर वित्तीय अनियमितता के आरोप हैं तो उनकी निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
बसंत कुमार मित्तल ने जयपुर के वंशिका हत्याकांड, कोलकाता की चर्चित घटना, पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड और मुजफ्फरनगर के पिता-पुत्र हत्याकांड का उल्लेख करते हुए दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में प्रतिदिन सुनवाई कर कठोरतम सजा देने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि अग्रवाल एवं वैश्य समाज को राजनीति में पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है, जिसे संगठन आने वाले समय में मजबूत करने का प्रयास करेगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन की वर्ष 1975 से अब तक की यात्रा, अग्रोहा धाम, महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, गौधाम, राष्ट्रव्यापी रथ यात्राओं और विभिन्न आपदा राहत कार्यों का उल्लेख करते हुए इसकी सामाजिक भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने ‘मिशन 2031’ के तहत बी2बी नेटवर्क, स्टार्टअप फंड, ₹10 से ₹15 लाख तक ब्याज-मुक्त शिक्षा ऋण, दिल्ली में यूपीएससी छात्रावास, डिजिटल लाइब्रेरी, ग्लोबल एनआरआई सेल, एआई आधारित मैट्रिमोनियल पोर्टल तथा संगठन के पूर्ण डिजिटलीकरण जैसी योजनाओं की घोषणा की।
प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नत्थू राम जैन, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष संदीप मुरारका, प्रदेश महामंत्री अभिषेक अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष कमल किशोर अग्रवाल सहित संगठन के कई राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

